रंगीन थैलियों में बंटेगा बच्चों व महिलाओं को पुष्टाहार
हर वर्ग के लिए अलग-अलग होगा पोषाहार की थैलियों का रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला कार्यक्रम अधिकारी की देखरेख में बच्चों और महिलाओं को वितरित होने वाला पुष्टाहार अब रंगीन थैलियों में वितरित किया जाएगा। हर वर्ग के लिए पोषाहार की थैलियों का रंग अलग-अलग होगा। दिसंबर माह से जिले में व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।
जिले में दिसंबर माह से बच्चों को पुष्टाहार के बजाए मिलने वाला खाद्यान्न रंगीन थैलियों में वितरित किया जाएगा। हर वर्ग के लिए अलग - अलग रंग की थैलियों में राशन का वितरण की व्यवस्था की जाएगी। छह माह से तीन वर्ष के बच्चों को आसमानी रंग की थैली में, तीन वर्ष से छह वर्ष के बच्चों को हल्का हरे रंग, अति कुपोषित बच्चों को लाल थैली, गर्भवती व धात्री महिलाओं को पीले रंग की थैली, 11 से 14 वर्ष की बालिकाओं को गुलाबी रंग की थैली में खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। विभाग की ओर से जंजीरी, लड्डू, नमकीन व मीठे दलिया के बजाए गेहूं, चावल, दाल, देसी घी व दूध पाउडर का वितरण किया जाएगा। इसमें दूध पाउडर व देसी घी का तीन माह में एक बार वितरण किया जाएगा।
जिले में 81 हजार है लाभार्थी
बागपत। जिले में सामान्य वर्ग के एक लाख 19 हजार बच्चे हैं। इनके अलाव 890 बच्चे लाल श्रेणी के, 2828 बच्चे पीली श्रेणी, छह से तीन वर्ष के 38113, तीन से छह वर्ष के 22885 बच्चे व 10480 गर्भवती और 437 धात्री महिलाएं है। जिले में 81 हजार लाभार्थी हैं।
वर्जन -
बच्चों व महिलाओं को वितरण किए जाने वाले पोषाहार में गड़बड़ी रोकने के लिए कलर थैलियों में पोषाहार का वितरण किया जाएगा। अगले माह से जिले में कलर थैली में वितरण की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। - विपिन मत्रेय , जिला कार्यक्रम अधिकारी ।