यूपी बोर्ड परीक्षा के कक्ष निरीक्षकों एवं परीक्षकों को होगा ऑनलाइन भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षकों तथा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों को पारिश्रमिक राशि के लिए चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत पारिश्रमिक राशि सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी। विभाग की तरफ से माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का खाता नंबर समेत विस्तृत विवरण की फीडिंग की जा रही है।
यूपी बोर्ड से संबद्ध जिले में 71 माध्यमिक विद्यालय हैं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 24 अप्रैल से प्रस्तावित है। बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षकों तथा बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों को पारिश्रमिक के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। पहले मैनुअल तरीके से ही कक्ष निरीक्षकों तथा परीक्षकों के पारिश्रमिक का भुगतान किया जाता था। इससे तमाम दिक्कतें आती थीं। नई व्यवस्था के तहत उनके पारिश्रमिक की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। शासन के तरफ से माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यालयों के शिक्षकों का विवरण विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ प्रिंटआउट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय मेें जमा करने का निर्देश दिया है। इसी सूची के आधार पर इस वर्ष हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी। अब शिक्षकों का विवरण ऑनलाइन होने से गड़बड़ियों पर विराम लगना तय माना जा रहा है। इसके अतिरिक्त इसी सूची के आधार पर कापियों के मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इस बाबत श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव तोमर का कहना है कि जनपद के राजकीय, अशासकीय तथा वित्तविहीन विद्यालयों में तैनात अध्यापकों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। इसकी फीडिंग प्रक्रिया चल रही है।
इस समय फींडिग का कार्य चल रहा है, ताकि ड्यूटी के हिसाब से उनके खातों में पारिश्रमिक राशि भेजी जा सके। - सर्वेश कुमार, डीआईओएस।
पिछले साल का भुगतान 31 मार्च तक
गत वर्ष का यमुना इंटर कॉलेज में हुए उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों का पारिश्रमिक भुगतान अब तक नहीं मिला है। डीआईओएस ने बताया कि डिमांड भेजी गई है। 31 मार्च से पहले ही उन्हें भुगतान करा दिया जाएगा।