छपरौली के आदर्श नंगला में पीएचसी में टीकाकरण करती एएनएम श्वेता ढाका
- फोटो : BAGHPAT
39 सत्र में 2720 लाभार्थियों ने लगवाया कोरोनारोधी टीका, 2458 नहीं पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में कोरोना वैक्सीनेशन चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चयनित किए गए लोग वैक्सीन लगवाने में गंभीरता नहीं दिखा रहे है। बृहस्पतिवार को 39 सत्रों में 2720 लाभार्थियों ने कोरोनारोधी का टीका लगवाया। 2458 लाभार्थी टीकाकरण के लिए पहुंचे ही नहीं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ दीपा सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 39 सत्रों में 5178 लाभार्थियों का टीकाकरण करने का माइक्रोप्लान तैयार किया गया था। इनमें से 2720 लाभार्थियों ने ही टीकाकरण कराया। चार स्वास्थ्य कर्मियों ने पहली बार और पांच ने दूसरी बार टीका लगवाया। अग्रिम पंक्ति के 133 कर्मियों ने पहली बार और 435 ने दूसरी बार टीका लगवाया। इनके अलावा 45 से 60 वर्ष के बीमारी से ग्रसित 518 और 60 वर्ष की अधिक आयु के 1625 लोगों ने पहली बार टीका लगवाया। 2458 लाभार्थी टीकाकरण कराने के लिए केंद्रों पर नहीं पहुंचे।
1506 की जांच में नहीं मिला कोई संक्र्रमित
बागपत। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि बृहस्पतिवार को 1506 लोगों की कोरोना की जांच की गई, सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 2339 है और 36 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए है।