जिला पंचायत के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को नामांकन फार्मों की बिक्री शुरू कर दी गई। कलक्ट्रेट में एआईजी स्टांप कार्यालय से स्टांपों की बिक्री हुई। पहले दिन 25 उम्मीदवारों ने नामांकन फार्म खरीदे।
पहले चरण में खेकड़ा और पिलाना विकास खंड में जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत चुनावों के लिए नामांकन 28 एवं 29 सितंबर को किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार से ही नामांकन फार्मों की बिक्री शुरू कर दी गई। सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय से स्टांप की बिक्री की गई।
पहले ही दिन नामांकन फार्म लेने वालों की लाइन लग गई। सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक तीन घंटे में ही 25 फार्म बिक गए। शनिवार और रविवार को भी कार्यालय खोलकर दोपहर एक बजे तक फार्मों की बिक्री की जाएगी।
एआईजी स्टांप राम दयाल ने बताया कि शनिवार एवं रविवार के साथ-साथ पहले चरण के चुनाव के लिए सोमवार और मंगलवार को भी फार्मों की बिक्री की जाएगी। हर चरण के चुनाव से ठीक तीन दिन पहले से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू करा दी जाएगी। ताकि लोगों को परेशानी न हो।
जमा की जाएगी जमानत राशि
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जमानत राशि एवं नामांकन फार्म का शुल्क निर्धारित कर दिया गया है। जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन फार्म सामान्य के लिए 500 रुपये एवं एससी, ओबीसी एवं महिला के लिए 250 रुपये में दिया जाएगा। जबकि जमानत राशि सामान्य के लिए चार हजार रुपये तथा एससी, ओबीसी एवं महिला के लिए दो हजार रुपये ली जाएगी।
क्षेत्र पंचायत के लिए नामांकन फार्म सामान्य के लिए तीन सौ रुपये एवं एससी, ओबीसी तथा महिला के लिए डेढ़ सौ रुपये का होगा। जमानत राशि सामान्य के लिए दो हजार रुपये एवं एससी, महिला एवं ओबीसी के लिए एक हजार रुपये जमा कराई जाएगी।