हरियाणा से आ रहे खनिज वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। हरियाणा के सोनीपत से जिले में खनिज और उपखनिज के वाहनों पर रोक लगा दी गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर डीएम ने निरीक्षण के लिए दो टीमों का गठन किया। परिवहन विभाग की टीम ने रोडी-डस्ट के 20 ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया। एआरटीओ ने बताया कि जुर्माना लगाया गया है। हरियाणा से यूपी आने वाले रेत, रोडी डस्ट के ट्रकों को अब जिले में एंट्री नहीं होने दी जाएगी।
डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने बताया कि हाईकोर्ट ने खनिज और उपखनिज का परिवहन रोकने के लिए आदेश जारी किए थे। हरियाणा के सोनीपत से आने वाले वाहनों को रोकने और जांच के लिए दो टीमों का गठन किया है। कलक्ट्रेट एवं एनीमल हसबेंडरी के बीच एसडीएम बागपत, सीओ बागपत, एआरटीओ प्रवर्तन और डिप्टी कमिश्नर की टीम चेकिंग करेगी। सरूरपुर कलां के निकट गुफा वाले बाबा के मंदिर के पास तहसीलदार बागपत और कोतवाली प्रभारी बागपत की टीम बनाई गई है।
एआरटीओ प्रवर्तन आरपी मिश्रा ने बताया कि सीओ श्वेताभ पांडेय, तहसीलदार जसधीर सिंह और कोतवाली के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। निवाड़ा चौकी के पास और गौरीपुर मोड़ पर वाहनों की चेकिंग की गई। रोडी और डस्ट के 20 ट्रक सीज कर दिए गए हैं। उधर, चेकिंग अभियान शुरू होते ही हरियाणा के सोनीपत रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा।
टीमों को भेजा हाईकोर्ट का आदेश
डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने ट्रकों की चेकिंग और वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाईकोर्ट के आदेश की प्रति दोनों टीमों को भेजी है। उन्होंने कहा कि टीमों की निगरानी भी की जाएगी।
51 सवारी गाडियों के पायदान कटवाए
बागपत। यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर मैजिक गाड़ी और अन्य सवारी गाडियों के पायदान कटवाए। इन पर यात्रियों को लटकाकर ले जाया जाता था। इससे हादसा होने की संभावना बनी रहती थी। टीएसआई विपिन कुमार का कहना है कि 51 गाडियों के पायदान और सात गाडिय़ों की छत से जाल कटर से कटवाए गए। चेकिंग के दौरान 22 वाहनों का चालान किया गया। 36 गाडियों से 8400 रुपये शमन शुल्क वसूला। वाहन चालकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी और शपथ दिलाई।