केंद्रों तक ई-पॉश पहुंचने में 15 दिन का लग सकता हैै वक्त
तब तक पुराने तरीके यानि आधार कार्ड के जरिए ही खरीद की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। गेहूं खरीद केंद्राें का बृहस्पतिवार से शुभारंभ हो चुका है। मगर, अभी तक ई-पॉश मशीन मुहैया नहीं हो सकी है। ऐसे में अभी शुरूआती दिनों में आधार कार्ड के जरिए ही खरीद की जाएगी। इसका पूरा डाटा भी क्रय केंद्र पर रखना होगा।
समर्थन मूल्य 1975 रुपये पर गेहूं खरीदने के लिए जनपद में बृहस्पतिवार से 19 क्रय केंद्र खुल गए हैं। अब तक तकरीबन 110 किसानों का पंजीकरण कराया जा चुका है। शासन ने इस दफा बिचौलियों का दखल रोकने के लिए क्रय केंद्रों पर ई-पॉश मशीन से खरीद कराने का आदेश जारी किया है। किसान को गेहूं की तौल कराते वक्त ई-पॉश मशीन में अपना अंगूठा लगाना होगा। अगर वह नहीं जा सकता तो परिवार का वही व्यक्ति गेहूं बेच सकेगा, जिसका नाम पंजीकरण के समय नॉमिनी के तौर पर लिखाया गया है। क्रय केंद्रों की जिओ टैगिंग कराई जा चुकी है। जिला प्रबंधकों को संसाधन दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। मगर, अभी तक ई-पॉश मशीन नहीं मिली हैं। इनके आने में करीब 15 दिन का समय लगने का अनुमान है। मगर खरीद को इस दौरान बाधित नहीं रखा जाएगा। जब तक ई-पॉश नहीं पहुंचती, खरीद पुराने तरीके से ही होगी। किसान को केंद्र पर अपना आधार कार्ड देना होगा। उसे क्रय केंद्र प्रभारी न सिर्फ प्रमाणित कर खरीद कराएगा, बल्कि मेनटेन रखेगा।
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने के लिए एक अप्रैल से 19 क्रय केंद्र खोल दिए गए हैं। जब तक ई-पॉश मशीन नहीं पहुंचती है, पुरानी तर्ज पर ही गेहूं खरीदा जाता रहेगा। केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखा जाएगा। किसान को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। - विष्णु शंकर, एसएमआई।
ये बनाए गए केेंद्र
जिले में नवीन मंडी खेकड़ा, ब्लॉक गोदाम अमीनगर सराय, ब्लॉक गोदाम बिनौली, ब्लॉक गोदाम छपरौली, नवीन मंडी बड़ौत, साधन सहकारी समिति मुकारी, साधन सहकारी समिति बालैनी, साधन सहकारी समिति अग्रवाल मंडी टटीरी, एफएसएस सरूरपुर कलां, साधन सहकारी समिति लहचौड़ा, साधन सहकारी समिति फिरोजपुर, साधन सहकारी समिति सिंगौली तगा, साधन सहकारी समिति रटौली, साधन सहकारी समिति बड़ागांव, साधन सहकारी समिति दाहा, साधन सहकारी समिति नांगल, साधन सहकारी समिति खट्टा प्रह्लादपुर।