बड़ौत। कोडीन कफ सिरप रखे होने की सूचना पर बुधवार को एसडीएम भावना सिंह ने नेहरू रोड स्थित एक नर्सिंग होम पर छापामारी की। वहां न चिकित्सक मौजूद मिले और न ही बच्चों को भर्ती करने की अनुमति, इसके बावजूद सात बच्चे भर्ती किए गए थे। यह देखकर एसडीएम ने नाराजगी जताई और नर्सिंग होम पर कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र लिखा।
बुधवार दोपहर एसडीएम भावना सिंह को सूचना मिली कि नेहरू रोड पर नसीम के नाम से पंजीकृत नर्सिंग होम में कोडीन कफ सिरप बेचे जा रहे हैं। इस सूचना पर एसडीएम टीम के साथ मौके पर पहुंचीं तो जाांच में सामने आया कि नर्सिंग होम का पंजीकरण केवल ओपीडी करने के लिए है। एसडीएम ने बताया कि वहां सात बच्चों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। नामित चिकित्सक डॉ. सोमेंद्र नर्सिंग होम में मौजूद नहीं थे।
एसडीएम ने बताया कि पिछले वर्ष सीएमओ कार्यालय से नर्सिंग होम का पंजीकरण कराया गया था, लेकिन भर्ती कर उपचार करने की कोई अनुमति नहीं ली गई। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम में काफी मात्रा में दवाइयां भी मिलीं। बताया गया कि वहां नामित चिकित्सक डॉ. सोमेंद्र पिछले दो दिनों से बाहर हैं।
नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने नर्सिंग होम को तत्काल बंद कराते हुए सभी भर्ती बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया। साथ ही कार्रवाई करने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है। एसडीएम भावना सिंह का कहना है कि बच्चों के जीवन से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है।