कबड्डी वर्ल्ड कप के फाइनल में ईरान पर धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद जहां पूरे देश खुशी से झूम उठा है, वहीं मलकपुर गांव में रविवार को नितिन की जीत पर खूब जश्न मनाया गया।
जीत के जश्न में ग्रामीण और परिजन अपने आप को ढोल की थाप पर थिरकने से नहीं रोक पाए। आतिशबाजी भी हुई। 25 अक्तूबर को नितिन के गांव पहुंचने पर उसके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
मलकपुर गांव का खिलाड़ी नितिन तोमर पुत्र जितेंद्र तोमर भारतीय टीम का हिस्सा बने और ईरान के साथ हुए फाइनल मैच में जमकर दमखम दिखाया। नितिन ने फाइनल में एक महत्वपूर्ण रेड कर पहले टीम को एक बार ऑल आउट होने से बचाया और उसके बाद दो महत्वपूर्ण अंक भी टीम के लिए बटोरे।
भारतीय टीम के जीतते ही जहां रात्रि में ही ग्रामीणों और परिजनों पर आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया, वहीं रविवार की सुबह भी ग्रामीण और परिजन जश्न में डूब गए। ढोल की थाप पर उन्होंने घंटों तक डांस किया।
नितिन की मां राजेश देवी ने कहा उन्हें अपने बेटे पर गौरव है। पिता जितेंद्र तोमर और चाचा अंतरराष्ट्रीय पहलवान प्रहलाद भी गौरव महसूस कर रहे हैं। चाचा प्रहलाद ने बताया 25 अक्तूबर को नितिन घर आ रहा है, उसकी जीत की खुशी में विशाल समारोह होगा।
जश्न मनाने वालों में चौधरी श्याम सिंह, महिपाल, नारायण, विजयपाल खलीफा, ब्रहमपाल, राममेहर, पंडित ओमप्रकाश, आशाराम, बाबूराम, ब्रजपाल, जगदीश, चौधरी सोहन पाल, ब्रजपाल कश्यप, सहेंद्र सिंह, चौधरी भोपाल सिंह, वकील, प्रहलाद, सुशील कुमार, जितेंद्र, अशोक और उनके दादा चौधरी रामपाल सिंह शामिल रहे।