- पहले आओ पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा बीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के बागपत, खेकड़ा व पिलाना विकास खंड के राजकीय बीज भंडार केंद्रों पर पहली बार गेंहू की डब्लूएच 1142 वैरायटी आई है। गेेंहू की इस प्रजाति की उपज लगभग 50 क्विंटल प्रति हेक्टेअर है। इस प्रजाति में प्रोटीन, लोह तत्व व जिंक प्रयुक्त मात्रा में उपलब्ध है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में पहली बार गेंहू की बीज की नई प्रजाति डब्लूएच 1142 आई है। गेेंहू की यह प्रजाति जिले के खेकड़ा, पिलाना व बागपत विकास खंड पर ही उपलब्ध है। इस प्रजाति में 12.1 फीसदी प्रोटीन, 36.4 फीसदी लोह तत्व व 33.7 फीसदी जिंक मौजूद है। गेहूं की इस प्रजाति का मूल्य 3815 रुपये प्रति क्विंटल है। किसान पंजीकरण संख्या या आवश्यक अभिलेख दिखाकर राजकीय बीज भंडार केंद्र से बीज खरीद सकते हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों को 50 फीसदी का अनुदान मिलेगा। तीनों राजकीय बीज केंद्रों पर पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा। गेहूं की इस प्रजाति में पीला रतुआ रोग की प्रतिरोधक क्षमता होती है।