नीलम की मौत के मामले में कार्रवाई के लिए बड़ौत सीओ से मिलने जाते परिजन। स्रोत स्वयं
बड़ौत/छपरौली। कस्बे की पट्टी धंधान में विवाहिता नीलम की मौत के बाद बुधवार को मायके में बामनौली गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया। उसके मायकेे वालों ने बुधवार को सीओ से शिकायत कर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
बामनौली गांव निवासी कपिल ने बताया कि उसकी बहन की मंगलवार को बड़ौत के निजी अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंंने आरोप लगाया कि दहेज में बाइक और चार लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने छपरौली पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। सीओ विजय कुमार ने जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उधर, पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया। इस मामले में सीओ विजय कुमार ने बताया कि इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।