बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर कलक्ट्रेट के समीप एनएचएआई ने मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। इसके चलते नेशनल हाईवे को सिसाना से लेकर गौरीपुर मोड़ तक वनवे कर दिया गया और वहां जाम लग गया। तीन किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगने से दो घंटे तक वाहन फंसे रहे। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे कई जगहों पर टूट गया और उसमें गहरे-गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इसमें सिसाना गांव में क्षतिग्रस्त नेशनल हाईवे से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और कलक्ट्रेट के पास भी गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बजट जारी होने के बाद एनएचएआई के अफसरों ने रविवार को कलक्ट्रेट के समीप मरम्मत शुरू कराई। रविवार को मरम्मत कार्य शुरू होते ही सिसाना गांव से नेशनल हाईवे पर बैरियर लगाकर वनवे कर दिया गया।
इस दौरान कई वाहनों के आमने-सामने आने के कारण जाम लग गया, जिससे सिसाना गांव से लेकर गौरीपुर जवाहरनगर गांव से आगे तक और सोनीपत मार्ग पर भीषण जाम लग गया। वाहनों को निकलवाने में यातायात पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। इस मामले में टीआई सतेंद्र सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते नेशनल हाईवे वनवे किया गया। मरम्मत होने के बाद आवागमन शुरू करा दिया गया।