आरोपी की बेटी से ट्यूशन पढ़ने घर आई थी कक्षा चार की छात्रा
आरोपी असम राइफल्स में नायब सूबेदार है, छुट्टी पर घर आया हुआ था
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नायब सूबेदार पर कक्षा चार की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मासूम को धमकी दी गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी असम राइफल्स में नायब सूबेदार है, जो छुट्टी पर घर आया हुआ था।
बागपत कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने बताया कि एक गांव की दस वर्षीय बच्ची कक्षा चार की छात्रा है। वह गांव की एक युवती के पास ट्यूशन पढ़ती है। 18 जनवरी की दोपहर 2.30 बजे छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए गई थी। ट्यूशन पढ़ने वाली युवती अपने मकान में नहीं मिली और न ही अन्य छात्र-छात्राएं, वहां पर सिर्फ युवती के पिता थे। आरोप है कि व्यक्ति ने छात्रा को पढ़ाने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकत की। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी कि किसी के सामने घटना का जिक्र किया तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित छात्रा ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि आरोपी असम राइफल्स में नायब सूबेदार के पद पर तैनात है, जो छुट्टी लेकर घर आया हुआ है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
जिला अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी
बागपत। खुब्बीपुर निवाड़ा निवासी राशिद ने बताया कि जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बाइक खड़ी कर किसी काम से गया था। दोपहर 1.30 बजे वापस आया तो बाइक चोरी कर ली गई थी। पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर जानकारी पुलिसकर्मियों को दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे में तलाश की गई लेकिन वाहन चोरों का पता नहीं चल सका।
नाबालिग पुत्र को बताया निर्दोष
बागपत। एसपी कार्यालय पर शिकायती पत्र देते हुए पिलाना गांव निवासी सुशील कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व उसके नाबालिग पुत्र ने गांव के ही एक युवक से चार हजार में मोबाइल खरीदा था। इसकी रशीद दो दिन बाद देने के लिए कहा गया। मगर, युवक ने पुरानी रंजिश को देखते हुए रशीद देने से इंकार कर दिया। नौ जनवरी को क्राइम ब्रांच टीम उसके पुत्र को उठाकर ले गई। आरोप है पुलिस बेटे को चोरी के केस में फंसाने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने एसपी से बेटे को निर्दोष बताते हुए बेटे को छोड़ने की मांग की है।