Baghpat News: यमुना मार्ग पर मां मकसूदी के दफीने में आए नफीस की हत्या कर दी गई। वह अपने चचेरे भाई शौकीन की पत्नी शब्बो को लेकर सहारनपुर में रह रहा था। नफीस ने अपनी पत्नी व तीन बच्चों और शब्बो ने पति व चार बच्चों को छोड़ा था। शब्बो ने अपनी जान को खतरा बताया है।
मां का इंतकाल होने पर सहारनपुर से आए नफीस की कब्रिस्तान के बाहर हत्या करने के आरोपी मोहसिन के चेहरे पर जेल जाते समय जरा भी शिकन देखने को नहीं मिली। उसने कहा कि नफीस ने मेरी मां को छीन लिया और हमने उसकी जिंदगी। इसके बाद पुलिस ने हत्यारोपी मोहसिन को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
विलाप करते नफीस के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में यमुना मार्ग पर बिजलीघर के पीछे रहने वाला नफीस छह साल पहले अपने चचेरे भाई शौकीन की पत्नी शब्बो को ले गया था। तभी से उसके साथ सहारनपुर की नर्सरी में रहकर काम कर रहा था।
बुधवार सुबह उसकी मां मकसूदी की मौत हो गई तो परिजनों ने हत्या की धमकी मिलने के कारण उसे बागपत आने से मना कर दिया। इसके बाद भी नफीस अपनी मां के जनाजे में शामिल होने पहुंच गया। तभी कब्रिस्तान के बाहर शौकीन ने अपने बेटे मोहसिन, यामीन, मुस्तकीम, रहीसु और शमीम के साथ मिलकर नफीस की ईंटों से कूचकर हत्या कर दी। बृहस्पतिवर को पुलिस ने आरोपी मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया।
नफीस की फाइल फोटो और विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस पूछताछ में 21 साल के मोहसिन ने कहा कि मां के प्रेम विवाह करने के बाद अकसर लोग तंज कसते रहते थे और नफीस भी फोन पर धमकी देता था। बुधवार सुबह दादी का इंतकाल होने पर उन्होंने परिवार वालों से नफीस को बागपत न बुलाने के लिए भी कहा और बागपत आने पर नफीस की हत्या करने की धमकी भी दी। इसके बाद भी नफीस बागपत आ गया और उन्होंने हत्या कर दी।
जांच अधिकारी वीरेंद्र राणा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। हत्यारोपी के पास से खून से सनी ईंटें, टीशर्ट बरामद की गई। इस हत्याकांड में कई से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सड़क पर शव रखकर हंगामा किया
नफीस के शव का बुधवार शाम चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर दिया, लेकिन परिवार वाले लेकर नहीं आए और रातभर शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा रहा। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने घर के पास सड़क पर शव रखकर हंगामा किया और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव सुपुर्द ए खाक किया गया। उधर, शब्बो और अन्य परिवार वालों ने जानमाल का खतरा जताते हुए सुरक्षा दिलाने की मांग की।
सिर की हड्डी टूटी हुई और चोट के कई निशान
नफीस के शव का दो चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम किया। नफीस के सिर की हड्डी टूटी मिली और इसी वजह से मौत होना सामने आया। नफीस के शरीर पर ईंटों से चोट के कई निशान भी मिले।