Baghpat News: दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर ईंट भट्ठे के सामने बाघू गांव के एलएलबी के छात्र अंकुर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हत्या के बदले हत्या की बात सामने आ रही है।
बाघू गांव के दूधिया विपिन उर्फ गोधू के हत्यारोपी रामबीर के भाई एलएलबी के छात्र अंकुर (24) की एलान करने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बागपत में ईंट भट्ठे के सामने कार सवार हत्यारोपियों ने पहले अंकुर को बाइक में टक्कर मारकर गिराया और फिर चार गोलियां मारीं। मृतक के भाई मोनू नैन ने संतोषपुर के तीन युवकों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।
- फोटो : अमर उजाला
बाघू गांव के मोनू नैन ने बताया कि उसका छोटा भाई अंकुर एसपीआरसी कॉलेज में एलएलबी के चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था। वह परिवार में तीन साल पहले हुए झगड़े के मुकदमे की कोर्ट में तारीख से लौट रहा था। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर विनोद गोयल के ईंट भट्ठे के सामने पहुंचा तो पीछे से आए कार सवारों ने अंकुर की बाइक में टक्कर मारी तो वह कार के बोनट पर गिरा। कार सवारों के ब्रेक लगाते ही अंकुर सड़क पर गिर गया। कार से नीचे उतरे तीन बदमाशों ने सिर और सीने में करीब चार गोलियां मारकर हत्या कर दी।
अंकुर के भाई मोनू से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर इस घटना को देखकर किसी ने बदमाशों को रोकने की हिम्मत नहीं जुटाई। बताया गया कि हमलावरों ने गोलियां मारने के बाद कहा कि ले लिया बदला। अंकुर की हत्या करने के बाद बदमाश कार में बैठकर बागपत की तरफ भाग गए। घटनास्थल पर आई पुलिस अंकुर को जिला अस्पताल में भी लेकर पहुंची, उसे वहां मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं हत्यारोपी घटनास्थल पर कार में बैठते हुए और अहैड़ा में कार से उतरकर बाइक पर बैठकर भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
इस मामले में अंकुर के भाई मोनू की तहरीर पर पुलिस ने संतोषपुर के मृतक दूधिया विपिन उर्फ गोधू के भाई आनन्द और दोस्तों विनय उर्फ बिच्छू, अनमोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक का तहेरा भाई सनी यूपी पुलिस में सिपाही है और नोएडा में तैनात है। वहीं एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए कोतवाली व क्राइम ब्रांच की पांच टीमों को लगाया गया है। उनको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
इसलिए की गई हत्या
संतोषपुर गांव निवासी दूधिया विपिन उर्फ गोधू की सात जुलाई 2025 की रात में गांव के रास्ते पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें बाघू गांव के रामबीर उर्फ भूरा व उसके दोस्त सरूरपुरकलां के राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। रुपये के लेनदेन में हत्या करने की बात सामने आई थी। विपिन के भाई आनन्द ने तभी हत्या का बदला लेने का एलान कर दिया था। बदला लेने के लिए ही रामबीर के भाई अंकुर की हत्या करने की बात सामने आई है।