केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात करते बागपत के सांसद डॉ.राजकुमार सांगवान। स्र
बागपत। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर जल्द बैंच की स्थापना के लिए कदम उठाने की मांग की।
सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है। इलाहाबाद में हाईकोर्ट बना हुआ है और लखनऊ में ही एक खंडपीठ है। इस कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय के लिए इलाहाबाद जाने में काफी परेशानी होती है। इसको देखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना की जाए, ताकि लोगों को समय से न्याय मिल सके। बताया कि हाईकोर्ट में लंबित मामलों में से 52 प्रतिशत से अधिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के है। उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री से जल्द ही हाईकोर्ट की बैंच बनवाने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
सांसद ने बागपत में ट्राॅमा सेंटर बनवाने की उठाई मांग
बागपत। रालोद के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में ट्रॉमा सेंटर निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बागपत में ट्राॅमा सेंटर नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को दिल्ली व मेरठ के लिए रेफर कर दिया जाता है, जिससे समय से उपचार नहीं मिलने के कारण लोग रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए बागपत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ट्रामा सेंटर होना जरूरी है, ताकि उन्हें समय से उपचार मिल सके।
- सांसद ने पानीपत–गंगा एक्सप्रेसवे लिंक बनवाने के लिए भेजा प्रस्ताव
बागपत। रालोद सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने बागपत का विकास कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। उन्होंने पानीपत से गंगा एक्सप्रेसवे लिंक बनवाने की मांग की है। बताया कि पानीपत से छपरौली, बरनावा, पुरा महादेव होते हुए 80 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सप्रेसवे से जिले का विकास होगा। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को प्रस्ताव भेजकर इस पर अमल करने की मांग की है। बताया कि इसके बनने से लोगों की परेशानी दूर होगी और इससे बागपत अन्य राज्यों से जुड़ जाएगा। यहां की धरती ऐतिहासिक है। बरनावा का महाभारतकालीन लाक्षागृह और पुरा महादेव मंदिर में देशभर के लोग आते हैं और यहां के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जल्द ही प्रस्ताव को अपनी योजना में शामिल करने की मांग की।