बड़ौत। नगर के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के मैदान में बुधवार से शुरू हो रहा सांसद खेल स्पर्धा 21 नवंबर तक चलेगा। इसका शुभारंभ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया करेंगे। प्रतियोगिता में सैकड़ों खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
नगर के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में हो रही सांसद खेल स्पर्धा की तैयारी पूरी हो गई है। रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने खेल मैदान में अधिकारियों के साथ बैठक की। बताया कि विजेता खिलाड़ियों के लिए मेडल, प्रमाणपत्र, ट्रॉफी आदि अन्य उपहार दिए जाएंगे। महोत्सव की गूंज प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। पहले दिन विद्यालयों द्वारा मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सांसद ने कहा कि गांव-गांव से खिलाड़ी आगे आएं और खेल की भावना को अपनाएं। इस दौरान सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एडीएम विनीत उपाध्याय, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, अमन कुमार, रोहित धनकड़, विशाल राय, भूपेंद्र चौधरी, सोनू धनकड़ आदि मौजूद रहे।
-ये होंगी प्रतियोगिताएं
ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबाल, रस्सा-खींच और शूटिंग खेल होंगे। इसके अलावा वरिष्ठ और दिव्यांग खिलाड़ियों को भी मंच दिया जाएगा। वहां 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 100 मीटर दौड़ और रस्सा-खींच तो दिव्यांग खिलाड़ी सभी खेलों में भाग ले सकेंगे।