मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते सांसद डॉ सत्यपाल सिंह
- फोटो : BAGHPAT
मलकपुर, मोदीनगर और किनौनी चीनी मिल के बकाया भुगतान की मांग भी रखी
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने सहकारी क्षेत्र की बागपत चीनी मिल की क्षमता वृद्धि की मांग दोहराई। सांसद ने कहा कि मिल की पेराई क्षमता वृद्धि से जिले के किसानों को लाभ होगा।
लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद ने जिले की विभिन्न समस्याओं को उठाया। मलकपुर, मोदीनगर और किनौनी चीनी मिलों का बकाया गन्ना भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग रखी। कहा कि किसानों का भुगतान समय पर जरूरी है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों से निजात मिल सके।
इसके अलावा बागपत में बस अड्डे का निर्माण कार्य जल्द कराने, दिल्ली से कासिमपुर खेड़ी तक रैपिड रेल या मेट्रो चलाने, गांव फुलेरा में डिग्री कॉलेज की लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने की भी मांग की। कहा कॉलेज बन जाने से युवाओं को लाभ होगा। जनता वैदिक कॉलेज बड़ौत को किसान यूनिवर्सिटी बनवाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी देने की मांग की।