बागपत। बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में जिला विद्युत समिति की बैठक हुई, जिसमें बिजली संबंधी समस्याओं का अंबार देखकर सांसद राजकुमार सांगवान ऊर्जा निगम के अफसरों पर भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को सुधार करने और लोगों की परेशानी दूर करने की नसीहत दी।
सौ से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर बैठक में पहुंचे। उन्होंने बताया कि लाइनों में बार-बार खराबी आ रही है, जिससे बिजली कटौती बढ़ गई है। गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बिना बताए विद्युत भार बढ़ाने की समस्या भी रखी। सांसद सांगवान ने लंबी विद्युत लाइनों वाले क्षेत्रों में नए पोल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना जांच के किसी का विद्युत भार न बढ़ाया जाए और यदि किसी का भार ज्यादा है तो पहले जांच कर उसे बढ़ाया जाए।
सांसद ने बिहारीपुर के मार्ग और बिजली की समस्या का भी जल्द समाधान करने को कहा। ऊर्जा निगम के अफसरों ने बताया कि निवाड़ा में चार महीने के अंदर नया बिजलीघर बनेगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों की कई समस्याएं दूर हो जाएंगी।
सांसद सांगवान ने अधिकारियों को लाइनों की खराबी समय पर ठीक करने को कहा। उन्होंने जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने पर जोर दिया। जर्जर तारों को बदलने और खंभों व लाइनों को आबादी से दूर करने के निर्देश दिए गए। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने को भी कहा गया, ताकि ओवरलोड की समस्या न रहे। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्युत आपूर्ति विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
-जिलाधिकारी ने दिए प्राथमिकता से निस्तारण के आदेश
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने अधिकारियों को विद्युत विभाग से जुड़ी सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। बैठक में छपरौली विधायक अजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह और अधीक्षण अभियंता विद्युत जगदीश चंद्र यादव समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
-निवाड़ा में चार महीने में बनेगा नया बिजलीघर
अधीक्षण अभियंता विद्युत जगदीश चंद्र यादव ने बैठक में बताया कि निवाड़ा में नया बिजलीघर बना रहे हैं, जो चार महीने में बन जाएगा। इस पर सांसद ने कहा कि बिजलीघर निर्माण के साथ ही उससे जुड़ने वाली नई लाइनों का काम भी साथ में शुरू कर दें। इस तरह काम जल्दी हो जाएगा और समस्या दूर हो जाएगी।