बड़ौत। देश खाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत मेें औद्योगिक पुलिस चौकी के पास शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना किसानों में जागृति पैदा करने के लिए शुरू किया है, जो अब सिंघु बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के रूप में जारी रहेगा। रोजाना गांव-गांव बैठकें कर किसानों को जागरूक किया जाएगा, अगर फिर जरूरत पड़ी तो हाईवे जाम कर विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
सोमवार देर शाम अपने आवास पर थांबेदार यशपाल बिजरौल की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि धरना उठाया नहीं गया है, अब यह धरना अब सिंघु बार्डर के लिए चल दिया है। यह निर्णय सर्व खाप चौधरियों और थांबेदारों के चौधरी मौजूद थे, लेकिन कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने व किसानों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। सब थांबे हमारे साथ हैं। औद्योगिक पुलिस चौकी पर चल रहे धरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि धरना चल रहा है। जो व्यक्ति खुद के अपने ही निर्णय पर नहीं चल सकता, उसका कोई कैसे सम्मान करेगा। कहा कि खुली पंचायत में सारा निर्णय लिया गया है, किसी से कुछ नहीं छिपा है।
सिंघु बार्डर पर पहुंचकर देंगे समर्थन
बड़ौत। थांबेदार यशपाल ने कहा कि हम सिंघु बार्डर के लिए रवाना हो गए थे, वहां पर पहुंच भी गए थे, लेकिन अचानक घरेलू परेशानी के चलते वापस लौट आए। मंगलवार को फिर से हम सिंघु बार्डर पर जाएंगे।