खेकड़ा के जंगल मे बिजली चिंगारी से आग लगने पर धू धू कर जलती किसान की गेंहू की फसल
- फोटो : KAHKRA
छपरौली/खेकड़ा (बागपत)। कूड़ी गांव के बिजलीघर से थोड़ी दूर रखे ट्रांसफार्मर पर तार टकराने से निकली चिंगारी से सात किसानों की 22 बीघा गेहूं व चार बीघा गन्ने की फसल जल गई। किसानों ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिग्रेड व पुलिस ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इसके अतिरिक्त शबगा गांव में बिजली का तार टूटने से दो किसानों की 20 बीघा ईख जल गई। वहीं, खेकड़ा में एक किसान की साठ बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
गांव के बिजलीघर से कुछ दूरी पर रखे ट्रांसफार्मर में तार टकरा गया। इससे निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। हवा तेज होने के कारण आग फैल गई। गेहूं की कटाई कर रहे किसानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, मगर नाकाम रहे। फायर ब्रिगेड व पुलिस ने काफी मशक्त कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गांव के प्रवीण पुत्र राजसिंह की साढ़े चार बीघा गेहूं और साढ़े चार बीघा ईंख, जगवीरी पत्नी बिशंभर के साढ़े तीन बीघा गेहूं, रेखा पत्नी रमेश के तीन बीघा गेहूं, रामफल पुत्र भोला के छह बीघा गेहूं, सोराज पुत्र भोला के तीन बीघा गेहूं, कालूराम पुत्र महावीर के दो बीघा गेहूं तथा तीरथ के खेत में करीब 22 बीघा गेहूं की तूड़ी जल गई। इनके अतिरिक्त अन्य किसानों की फसल भी चपेट में आ गई। पीड़ितों का कहना था कि कई बार इस ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने की शिकायत की जा चुकी है परंतु समाधान नहीं किया गया। किसान हंगामा करते हुए बिजलीघर पहुंचे मगर वहां ताला लगा था। वहीं, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनके अतिरिक्त ग्राम शबगा में बिजली का तार टूटने से विनीत पुत्र वीरेंद्र ठेकेदार और सत्यप्रकाश पुत्र जयप्रकाश की दस-दस बीघा ईख जल गई।
उधर, खेकड़ा के मोहल्ला चक्रसेनपुर निवासी किसान मनीष धामा ने नाले की पटरी के समीप खेतों में साठ बीघा गेहूं की फसल बोई हुई थी। खेतों के ऊपर से गुजर रही उच्च क्षमता की विद्युत लाइन में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे निकली चिंगारी से गेहूं फसल में आग लग गई। जिसे देख अन्य किसानों ने मनीष को जानकारी दी तथा आग बुझाने में जुट गए मगर समूची फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसान ने विद्युत निगम अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। उसने बताया कि आठ लाख रुपये से अधिक कीमत का नुकसान बताया है। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, उपजिलाधिकारी अजय कुमार का कहना है कि लेखपाल को भेजकर नुकसान का आकलन कराकर मदद कराई जाएगी। संवाद