बागपत के फैजपुर निनाना गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज के स्वास्थ्य की जांच करते चिक
बागपत। बिजरौल गांव में त्वचा और पेट की बीमारी के मरीज बढ़ रहे हैं तो पठानकोट बड़ौत में शुगर लोगों को परेशान कर रही है। रविवार को जिले की 23 पीएचसी पर लगाए गए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 1335 मरीजों ने अपनी जांच कराई। मेले में पांच लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को तीन नगरीय और 20 ग्रामीण पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में 32 चिकित्सक और 69 पैरामेडिकल स्टॉफ ने 717 पुरुष, 421 महिला और 197 बच्चे मरीजों की जांच कर दवाई दी। मेले में सबसे अधिक त्वचा रोग के 136 मरीज पहुंचे। इनमें सबसे अधिक मरीज बिजरौल पीएचसी पर जांच कराने के लिए पहुंचे। इसके अलावा बिजरौल पीएचसी पर पेट में समस्या के मरीज भी सबसे अधिक पहुंचे।
मेले में शुगर के 123 मरीज पहुंचे। इनमें सबसे अधिक बड़ौत की पठानकोट पीएचसी पर पहुंचे। मेले में पहुंचे बुखार के 53 मरीजों में से चिकित्सकों ने 26 संदिग्ध मरीजों की मलेरिया और नौ की डेंगू की जांच कराई। सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई। इनके अलावा मेले में उच्च रक्तचाप और गला खराब होने के 38-38 मरीज व लीवर के सात मरीज पहुंचे। मेले में पांच लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह और सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने पीएचसी का निरीक्षण कर मेले में पहुंचे मरीजों से इलाज के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि सभी पीएचसी पर चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टॉफ ने 1335 मरीजों की जांच कर दवाई दी।