चांदीनगर (बागपत)। गढ़ी कलंजरी गांव में शनिवार रात दादी के पास सोए डेढ़ माह के बच्चे को बंदर ने उठाकर ले गया। उसके लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो वह ड्रम में पड़ा मिला। परिजन बच्चे को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गढ़ी कलंजरी गांव में बीती रात प्रिंस कसाना का डेढ़ महीने का बेटा केशव अपनी दादी धर्मवती के साथ कमरे में सोया हुआ था। कमरे में प्रिंस की पत्नी कोमल, तीन बहन व भाभी भी सोई हुई थीं। परिजनों के अनुसार रात को करीब ग्यारह बजे बच्चा लापता हो गया। उसकी तलाश में परिजन जुट गए और बच्चे के लापता होने का मंदिर से एलान करा दिया। जिससे ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और पुलिस भी पहुंची। तीन घंटे तलाश करने के बाद बच्चा घर में पशुओं के लिए रखे गए पानी से भरे ड्रम में पड़ा मिला। परिजन उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार शनिवार रात बच्चे को बंदर उठा ले गया था।
पहले भी दो बार ले जा चुका था बंदर
बच्चे के पिता प्रिंस ने बताया कि बच्चे को बंदर पहले भी दो बार उठा चुका था। उसे दोनों बार ले जाते देख परिजनों ने पीछा किया तो वह छोडक़र भाग गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी बंदर घर के अंदर से निकलता दिख रहा है, लेकिन अंधेरा होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बच्चा उसके हाथ में है या नहीं।
बंदर के आतंक से परेशान ग्रामीण
गढ़ी कलंजरी गांव में बंदर के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण महकार सिंह का कहना है कि करीब एक माह पहले बंदरों के झुंड ने उन्हें हमला करके घायल कर दिया था। धनपाल चौधरी का कहना है कि बंदरों को पकड़वाने के लिए कई बार मांग की जा चुकी है परंतु सुनवाई नहीं हुई है। भाजपा नेता नरेश वर्मा ने बताया कि बंदर के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं और उनको जल्द ही पकड़वाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर ग्रामीण डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान नरेश वर्मा, दिनेश, महकार सिंह, मनोज कुमार, आशाराम, रवींद्र, मोहनपाल, डॉ. राजेंद्र, भूरे आदि मौजूद रहे।
बागपत के गांव गढ़ी कलंजरी में घर में रखे पानी के इसी ड्रम में मिला था बच्चा।- फोटो : BAGHPAT
बागपत के गढ़ी कलंजरी गांव में बच्चा केशव की फाइल फोटो।- फोटो : BAGHPAT
बागपत के गढ़ी कलंजरी गांव में बच्चे की मौत के बाद गमगीन परिजन।- फोटो : BAGHPAT