सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
एक सप्ताह के भीतर चुराए 18 मोबाइल फोन
बड़ौत। नगर की गांधी रोड पर शुक्रवार को दुकानदारों ने एक मोबाइल चोर को धर दबोचा और उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
गांधी रोड पर बंटी उर्फ पंकज की फोटो कॉपी की दुकान है। एक युवक फोटो कॉपी कराने के बहाने से दुकान पर आया। उसने बंटी का ध्यान भटकते ही वहां पर रखा मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके जाने के बाद बंटी ने फोन की तलाश की परंतु पता नहीं चल सका। इसकी जानकारी पाकर काफी संख्या में आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। करीबन दो घंटे के बाद उक्त युवक किताबों वाली गली में खड़ा दिखाई दिया। इस पर गुस्साए लोगों ने उसकी धुनाई शुरू कर दी। इस पर युवक ने मोबाइल चोरी करना कबूल किया। बताया कि तीन दिन पहले गांधी रोड से दीपक जैन की गिफ्ट शॉप से भी मोबाइल चोरी किए था। इस दौरान जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कोतवाली ले गई। उसकी पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
गिरोह में हैं तीन युवक
पकड़े गए युवक ने बताया कि उसके गिरोह में तीन युवक शामिल हैं। वह गांधी रोड, दूसरा नेहरू रोड तथा तीसरा दिल्ली बस स्टैंड स्थित दुकानों में चोरी करता है। बताया कि गत एक सप्ताह के अंदर तीनों 18 मोबाइल चोरी कर चुके हैं।
यहां बेचते हैं चोरी का मोबाइल
पकड़े गए युवक ने बताया कि चोरी किए मोबाइल दिल्ली बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर बेचते हैं। फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।