बागपत। सरकार के 100 दिन पूरे होते ही विधायक निधि के डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये मिल गए हैं। हालांकि निधि मिलने से पहले ही सभी विधायकों से कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए थे, जिससे उनका एस्टीमेट तैयार कराया जा सका। किसी भी विधायक ने प्रस्ताव नहीं दिया और अब सभी से जल्द प्रस्ताव मांगे गए हैं। वहीं वर्ष 2021-22 की रुकी हुई दो करोड़ रुपये की सांसद निधि भी मिल गई हैं। उसे भी विकास कार्यों में खर्च किया जाएगा।
कोरोना के कारण सांसद और विधायक निधि बंद कर दी गई थी। निधि को वर्ष 2021 में कोरोना का कहर कम होने के बाद बहाल किया गया था। जिसके बाद विधायक निधि पूरी जारी हो गई थी और चुनाव होने पर मार्च में दोबारा से सरकार बनी थी। अब सरकार को बने हुए 100 दिन हो गए हैं और विधायक निधि के पांच करोड़ रुपये में पहली किश्त डेढ़ करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। बागपत, बड़ौत व छपरौली तीनों विधायकों की निधि के डेढ़-डेढ़ करोड़ जारी हो गए हैं।
इन सभी से जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के अधिकारियों ने पहले ही विकास कार्यों के प्रस्ताव देने के लिए कहा था, जिससे निधि आते ही कार्य कराए जा सके, लेकिन बागपत से योगेश धामा, बड़ौत से केपी मलिक और छपरौली से डॉ. अजय कुमार में किसी ने पहले विकास कार्यों का प्रस्ताव नहीं दिया। इसलिए अब इनसे जल्द प्रस्ताव देने के लिए कहा गया है, जिससे जारी हुई निधि को खर्च किया जा सके।
सांसद निधि के दो करोड़ रुपये भी जारी हुए
सांसद निधि के रूप में हर वर्ष पांच करोड़ रुपये मिलते हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में सांसद निधि आधा वित्तीय वर्ष खत्म होने के बाद बहाल हुई थी, लेकिन उसके बाद भी सांसद निधि जारी नहीं हो सकी। इस कारण ही सांसद निधि के दो करोड़ रुपये अब जारी हुए है और उसको जल्द ही विकास कार्यों में खर्च किया जाएगा। डीआरडीए के एई महिपाल सिंह ने बताया कि विधायक निधि की पहली किश्त मिली है और जल्द ही प्रस्ताव लेकर विकास कार्य कराए जाएंगे।