गन्ना सेंटरों पर विधायक ने पकड़ी घटतौली
दोघट (बागपत)। भैसाना मिल के दो गन्ना क्रय केंद्रों पर छपरौली विधायक ने छापेमारी कर घटतौली पकड़ी। घटतौली की शिकायत मिलने पर छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने दोघट स्थित भैसाना मिल के गन्ना क्रय केंद्र ए व गांगनौली में गन्ना क्रय केंद्र ए पर छापेमारी की। दोघट में 20 किलो जबकि गांगनौली में दस किलो की घटतौली मिली। विधायक ने बताया कि दोघट क्रय केंद्र पर उन्होंने अपनी गाड़ी का वजन कराया तो 20 किलो का अंतर मिला, जबकि गांगनौली पर मात्र दस किलो का ही अंतर पाया गया। उन्होंने तौल लिपिकों को सख्त हिदायत देते हुए क्रय केंद्रों पर घटतौली पर पूर्ण रूप से बंद करने को कहा।
बेसहारा पशुओं से निजात नहीं मिली तो करेंगे अनशन
दोघट। बामनौली गांव में आवारा गोवंशीय पशुओं को लेकर नरेश के आवास पर बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व लखनऊ में मुख्यमंत्री के सचिव से बामनौली के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला था। जिसमें गांव में घूम रहे लगभग 200 बेसहारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गौशाला ले जाने की मांग की गई थी, ताकि किसानों की फसलों को बर्बाद होने से बचाया जा सके। इस पर सचिव एनके चौहान ने किसानों को आश्वासन दिया था कि दो दिन के अंदर समस्या का समाधान कराया जायेगा। लेकिन एक सप्ताह बाद भी समाधान नहीं हुआ है। किसानों ने एक सप्ताह के अंदर बेसहारा गोवंशीय पशुओं से छुटकारा नहीं दिलाने पर तहसील मुख्यालय पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी। बैठक में सुभाष, रामकुमार, इंद्रपाल, रामबीर, रामपाल, नरेश, संजय, हरवीर आदि मौजूद रहे।
किसान भवन में बढ़ाई गई सुविधा
रमाला। सहकारी चीनी मिल रमाला के जीएम डॉ. आरबी राम ने बताया कि किसान भवन की साफ सफाई कराकर किसानों को सर्दी से बचने के लिए गद्दे, हीटर, व मनोरंजन के लिए एलईडी की सुविधा दी गई है। जीएम ने कहा कि जल्द ही किसान भवन में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। किसानों को ठंड से बचाने के लिए कई जगह अलाव की भी व्यवस्था की गई है।