- जिला अस्पताल में सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त, राष्ट्रवंदना चौक पर वायर टूटी
- निवाड़ा पुलिस चौकी पर भी एक कैमरा खराब, बड़ौत में हालत खस्ता
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। सुरक्षा और निगरानी के लिए जिलेभर में प्रमुख स्थानों पर लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं। लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन व्यवस्था नहीं सुधरी। जिला अस्पताल परिसर में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही है। सीसीटीवी कैमरा खराब पड़ा है, जिस कारण चोरों की निगरानी भी रामभरोसे हो गई है। निवाड़ा पुलिस चौकी पर एक कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। बड़ौत में पालिका की ओर से फूंसवाली मस्जिद, कोताना रोड, दिल्ली बस स्टैंड के अलावा अन्य मुख्य मार्गों सहित 21 जगहों लाखों रुपये से कैमरे लगवाए गए थे, जो इस समय खराब पड़े हुए है। पालिका से सीसीटीवी कैमरे के देखरेख प्रभारी अमित जैन ने बताया कि इस समय नगर में एक भी कैमरा ठीक नहीं है। जो कैमरे खराब पड़े है, उन्हें उतरवा लिया गया है। जल्द ही नई कंपनी के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाएंगे, बजट तैयार किया जा रहा है।
ढाई लाख रुपये लगवाए गए चार कैमरे
बागपत। नगरपालिका बागपत की ओर से नगर में निगरानी बढ़ाने के लिए ढाई लाख रुपये की लागत से चार सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। ईओ ललित आर्य का कहना है कि पालिका कर्मचारी समय-समय पर निगरानी करते रहते हैं।
राष्ट्रवंदना चौक पर कैमरे खराब, बजट का इंतजार
बागपत। नगर के मुख्य चौराहे राष्ट्रवंदना चौक पर सीसीटीवी खराब पड़ा है। दिनभर यहां आवाजाही रहती है। हाईवे निर्माण और बजट के अभाव में कार्य रोक देना पड़ा। चौराहे पर पुलिस विभाग ने एक लाख रुपये की लागत से कैमरे लगवाए थे, लेकिन यहां अब कैमरे खराब पड़े हैं।
इन केस में मिला लाभ
- बड़ौत के लोहा व्यापारी आदेश जैन के अपहरण केस के खुलासे में सीसीटीवी का अहम योगदान रहा। पुलिस सीसीटीवी के जरिए ही आरोपियों की पहचान कर सकी थी।
बॉर्डर पर लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे
बागपत। एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि जिले के प्रत्येक बॉर्डर और थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। व्यापारियों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है। अगर कहीं पुलिस की ओर से लगवाए गए कैमरे खराब हैं तो ठीक कराए जाएंगे।