संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। मलकपुर चीनी मिल से जुडे़ 36 हजार किसानों के लिए राहत की खबर है। 31 अक्तूबर से चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होगा। इसके लिए मिल प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।
मलकपुर चीनी मिल से क्षेत्र के 36 हजार किसान जुड़े हैं। ये हर साल चीनी मिल को गन्ना देते हैं। गत वर्ष 12 नवंबर से पेराई सत्र शुरू हो गया था। वहीं, कुछ दिन पूर्व मिल प्रशासन ने दिसंबर से पेराई सत्र शुरू करने की घोषणा की थी। इससे क्षेत्र के किसानों की बेचैनी बढ़ गई थी। किसानों ने जिला प्रशासन से समय रहते मिल का पेराई सत्र शुरू कराने की मांग की थी।
इसके बाद जिला प्रशासन ने चीनी मिल के अध्यासी विपिन चौधरी से वार्ता कर पेराई सत्र जल्द शुरू कराने के लिए कहा था। मिल के अध्यासी विपिन चौधरी ने बताया कि 31 अक्तूबर से चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू कर दिया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां जोरों पर है। उन्होंने बताया कि इस बार 80 हजार कुंतल की बजाए 90 हजार कुंतल पेराई प्रतिदिन किए जाने की कोशिश की जा रही है। उधर, किसानों ने जिला प्रशासन से जल्द बकाया गन्ना भुगतान भी दिलाए जाने की मांग की है।