आरोपियों ने डेयरी मालिक के साथ मारपीट की
पुलिस ने सामान बरामद कर एक आरोपी को हिरासत में लिया
बड़ौत। अक्षय नर्सिग होम के पास दस- बारह लोगों ने न्यू ज्योति दूध डेयरी के मालिक के साथ मारपीट की। डेयरी मालिक ने 42300 रुपये और सामान लूटने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ सामान बरामद करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना को लेनदेन का मामला बता रही है। जबकि डेयरी मालिक दिन दहाड़े लूट किए जाने का आरोप लगा रहा है।
डेयरी संचालक आशु शर्मा दूध डेयरी चलाते हैं। इनका कहना है कि बुधवार की सुबह वह डेयरी पर बैठे हुए थे। उसी समय 10-12 लोग जुगाड़ लेकर डेयरी पर पहुंचे और मारपीट करते हुए गल्ले से 42300 रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं डेयरी का सामान जुगाड़ में भरकर ले गए। सूचना पर इंस्पेक्टर अजय शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिवाना गांव में दबिश देकर सामान से भरा जुगाड़ बरामद कर एक आरोपी को हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला लेनदेन का प्रतीत हो रहा है।