-शासन के निर्देश पर पंचायत राज विभाग ने शुरू किया कार्य
बड़ौत। विभिन्न प्रांतों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों को अब गांव में ही काम मिलेगा। शासन के निर्देश पर पंचायती राज विभाग ऐसे कामगारों की सूची तैयार करने में जुट गया है।
जनपद की बड़ी आबादी गैर प्रांतों में काम करने जाती है। पिछले वर्ष कोरोना काल में कामगार अलग-अलग प्रांतों से अपने गांव लौट आए थे। संक्रमण की रफ्तार धीमी हुई तो रोजी रोटी की तलाश में फिर दिल्ली, मुंबई, गुजरात, हरियाणा, सूरत सहित विभिन्न प्रांतों के महानगरों के लिए चले गए थे। अब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने ऐसे कामगार मजदूरों की रोजी रोटी छीन ली है। वह एक बार फिर अपने गांव वापस होने लगे। ऐसे प्रवासी मजदूरों को गांव में ही काम मिले इसके लिए सरकार के निर्देश पर पंचायत राज विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। बीडीओ राहुल वर्मा ने बताया कि एडीओ पंचायत व ग्राम सचिवों को गैर प्रांतों से वापस लौटने वाले मजदूरों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं।