- गौरीपुर जवाहर नगर गांव के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे-मील के चेक पर नहीं किए प्रधान ने हस्ताक्षर
- बीएसए व प्रधान के बीच चल रहा विवाद, डीपीआरओ ने हस्ताक्षर नहीं करने पर दी कार्रवाई की चेतावनी, नोटिस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गौरीपुर जवाहर नगर गांव के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के मिड-डे-मील पर बीएसए व प्रधान के विवाद के कारण संकट खड़ा हो गया है। प्रधान ने मिड-डे-मील के चेक पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया है। ऐसे में मध्याह्न भोजन का भुगतान नहीं होने से सामान आने में परेशानी होगी। इसको देखते हुए डीपीआरओ ने नोटिस जारी कर एक सप्ताह का समय दिया है।
गौरीपुर जवाहर नगर गांव के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में 15 अगस्त को कार्यक्रम किया गया था। वहां बीएसए गीता चौधरी व आरती के बीच विवाद हुआ था और विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्रधान ने बीएसए के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब यह विवाद बच्चों के मिड-डे-मील तक पहुंच गया है और बच्चों के मिड-डे-मील पर संकट के बादल छाने लगे हैं, क्योंकि प्रधान आरती मिड-डे-मील के चेक पर हस्ताक्षर नहीं कर रहीं हैं। कई बार प्रधानाध्यापक ने खाद्यान्न मंगवाने के लिए प्रधान से चेक पर हस्ताक्षर करने की मांग की, लेकिन प्रधान ने हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया है। ऐसे में अब दोनों विद्यालयों में मिड-डे-मील बंद होने का खतरा बना हुआ है।
बीएसए की शिकायत के बाद प्रभारी डीपीआरओ नितिन कुमार ने प्रधान को नोटिस जारी किया और चेक पर हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह में चेक पर हस्ताक्षर नहीं करने का कारण स्पष्ट करते हुए स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि जवाब नहीं दिया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इससे डीएम व सीडीओ को भी अवगत करा दिया है।