बड़ौत (बागपत)। एक्सईएन द्वितीय कार्यालय में सोमवार को निगम के अफसरों, कर्मचारियों और उपभोक्ताओं की बैठक हुई। इसमें शासन के आदेशों पर घर-घर बिजली पहुंचाने की योजना पर कई घंटे मंथन किया। निगम के अफसरों ने उपभोक्ताओं से एकमुश्त छूट समाधान योजना से शत-प्रतिशत सरचार्ज की छूट लेने की अपील की।
उन्होंने बताया शत-प्रतिशत गांवों मेें मीटर लगेंगे और रीडिंग आधार पर बिल वसूली होगी। इस बैठक की अध्यक्षता एक्सईएन द्वितीय एसपी टांक ने की। संचालन जेई टाऊन इंद्रपाल ने किया। इसमें बावली, वाजिदपुर, जौहड़ी, बिनौली, बड़ौत, बिजरौल, ढ़िकाना, बिजरौल, बामनौली, दोघट, दाहा, पुसार, बरनावा आदि गांवों के उपभोक्ता शामिल रहे। इसमें एक्सईएन द्वितीय एसपी टांक और एक्सईएन प्रथम अजय कुमार ने उपभोक्ताओं को बताया शासन की मंशा प्रत्येक घर बिजली पहुंचाने की है।
इसके लिए उपभोक्ता निगम का सहयोग करें। उन्होंने बताया औद्योगिक कनेक्शन पर सरचार्ज में 50 फीसदी छूट मिलेगी और पांच हजार रुपये जमा कराकर पंजीकरण कराना होगा। घरेलू, नलकूप, व्यावसायिक जैसे उपभोक्ताओं को सरचार्ज पर 100 फीसदी छूट मिलेगी। इसके लिए उपभोक्ताओं को एक हजार रुपये जमा कर पंजीकरण कराना होगा।
पंजीकरण राशि बिल में समायोजित होगी। उन्होंने बताया टोल फ्री नंबर 112 पर काल करके खराब ट्रांसफार्मर होने की सूचना नोट करा सकते हैं। बीपीएल परिवारों को फ्री में कनेक्शन दिए जाएंगे। इसमें एसडीओ राहुल गौतम, एमसी गुप्ता, रितेश गुप्ता, राजमणि कल्याण और उपभोक्ता पवन भारद्वाज, अशोक, राजेश, शौकीन, हरवीर, प्रवीण आदि शामिल रहे।