कड़ाके की ठंड से लोग ठिठुर रहे है। पारा पांच डिग्री पर पहुंच गया है। ठंड के कारण ही लोग एलर्जी से पीड़ित हो रहे हैं। ठंड में सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग एलर्जी की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में हर रोज एलर्जी से पीड़ित करीब 100 मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को दवाई के साथ ही ठंड से बचाव की सलाह दे रहे हैं।
ठंड लोगों के स्वास्थ्य को बिगाड़ रही है। ठंड के कारण हर वर्ग के लोग बीमार हो रहे हैं। ठंड के कारण लोगों के नाक कान और गले में एलर्जी हो रही है। इसी कारण कान में दर्द होने लगता है। इतना ही नहीं धीरे-धीरे सुनना भी बंद हो जाता है। पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में मरीजों में बढ़ोतरी हुई है। सांकरौद गांव का इमरान को गले में एलर्जी हो रही है। उसका शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज हुआ।
बागपत निवासी बुजुर्ग हरपाल के अलावा बच्चे सुहान (10), शना (9), याशिका (7) एलर्जी से पीड़ित है। इनका जिला अस्पताल में इलाज हुआ। ईएनटी विशेषज्ञ सुनील कुमार ने कहा सर्दी के कारण लोगों को एलर्जी हो रही है।
इसकी चपेट में सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग आ रहे हैं। रविवार को दोपहर 12 बजे तक जिला अस्पताल में 55 मरीज आएं। जिला अस्पताल में जुकाम और खांसी के भी मरीज बढ़ रहे हैं। हर रोज 300-350 मरीज आ रहे हैं। बच्चे और बुजुर्ग ही ज्यादा बीमार हो रहे हैं। बच्चे निमोनिया से भी ग्रस्त हो रहे हैं।
ठंड से डौला में बुजुर्ग की मौत
बागपत। शीत लहर के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। सर्दी से डौला गांव में 70 वर्षीय मौसम अली की मौत हो गई। कोहरे ने परेशानी में डाला तो, वहीं हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। ट्रेन का सफर अब देरी को होता जा रहा है। बसों का भी यह ही हाल।
फसलों पर ओस की बूंदे भी बर्फ बन गई है। दोपहर में धूप से कोहरा छटा तो लोगों को राहत मिली। सर्दी से जिले के लोग ठिठुर रहे हैं। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने जकड़ा हुआ है। सर्दी का सितर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शीत लहर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
लोग कंपकंपा गए है। ठंड ने लोगों को घर में कैद कर दिया है। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम हो गई है। बसों में सफर करना लोगों के लिए कठिन हो गया है। शीत लहर के कारण लोग कंपकंपा गए है। जगह-जगह अलाव जलाकर लोगों ने सर्दी से राहत महसूस की।
सर्दी इस कदर बढ़ी हुई है कि फसलों पर जमीन ओस की बूंदे बर्फ बनी दिखी। सर्दी के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। डौला गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग मौसम अली की सर्दी के कारण मौत हो गई है। इससे परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के लोगों ने गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया। परिवार के लोगों का कहना है कि सर्दी लगने से मौत हुई है।