बागपत में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश आकाश शामली की मुठभेड़ के दौरान हुई गिरफ्तारी के केस की विवेचना बागपत से मेरठ ट्रांसफर हो गई है। अब मेरठ क्राइम ब्रांच केस की विवेचना करेगी। आकाश को नवंबर माह में भूरा किरठल के साथ एसपी ने पुलिस टीम के साथ गिरफ्तार किया था।
आकाश शामली बागपत ही नहीं दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और यूपी के अन्य जनपदों की पुलिस के लिए भी सिरदर्द बना हुआ था। पहले वह राहुल खट्टा के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देता था। राहुल के एनकाउंटर के बाद उसने अकेले अपराध करना शुरू कर दिया था।
15 नवंबर की रात रमाला क्षेत्र में आकाश के होने की एसपी रवि शंकर छवि को सूचना मिली थी। मुखबिर की सूचना पर एसपी ने पुलिस टीम के साथ आकाश की घेराबंदी की तो आकाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आकाश शामली को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस अफसरों ने दावा किया था कि आकाश ने एसपी पर भी गोली चलाई थी। एसपी ने रमाला थाना पर स्वयं रिपोर्ट दर्ज कराई थी। केस की विवेचना चुनाव सेल प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह कर रहे थे। पुलिस अफसरों ने केस की विवेचना दूसरे जनपद की पुलिस से कराने का निर्णय लिया। इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह का कहना है कि केस की विवेचना मेरठ की क्राइम ब्रांच में ट्रांसफर हो गई है।