किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में आहूत महापंचायत में खाप चौधरियों ने पूरी ताकत के साथ गाजीपुर बॉर्डर कूच करने का एलान किया। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के साथ ही सांसदों-विधायकों के खिलाफ भी नाराजगी जताई।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत तहसील में सर्वखाप चौधरियों की अगुवाई में महापंचायत हुई। बड़ौत में किसानों पर लाठीचार्ज, गाजीपुर बॉर्डर पर भाजपा विधायक की हरकत पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। पांच घंटे चली महापंचायत में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी।
देशखाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह, चौगामा खाप के चौधरी कृषिपाल राणा, चौबीसी खाप के चौधरी सुभाष, थांबेदार यशपाल चौधरी, जयपाल चौधरी, ब्रजपाल चौधरी, पंवार खाप चौधरी धर्मवीर सिंह पंवार ने एलान किया कि गाजीपुर बॉर्डर पर सर्वजातीय और सर्वसमाज के किसान पूरी ताकत झोंक देंगे।
देशखाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आंदोलन को तन, मन और धन से समर्थन की जरूरत है। गांव-गांव से रोजाना जत्थे गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचेंगे। किसानों पर मुकदमे दर्ज किए गए, तो बर्दाश्त नहीं होगा। पंचायत में पहुंचे एडीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि बड़ौत में किसानों पर अगर किसी सिपाही ने बल प्रयोग किया है, तो उसकी जांच होगी। उनका सारा सामान सम्मान के साथ लौटाया जाएगा।
लोनी विधायक का गुर्जर बाहुल्य गांवों में बहिष्कार
आंदोलन के बीच किसानों को लेकर दिए गए बयान पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर अपनी ही विधानसभा के गांवों में घिरते जा रहे हैं। उनके खिलाफ लगातार दूसरे दिनों गांवों में पंचायतें हुईं। खासकर गुर्जर बाहुल्य गांवों में लोगों ने पंचायत कर विधायक का बहिष्कार किया है। लोनी के अफजलपुर निस्तोली और मेहमदपुर गांव में विधायक के विरोध में पंचायत हुई। लोगों ने कहा कि पंचायत ऐसी जनप्रतिनिधि का बहिष्कार करती है, जो जातिगत राजनीति कर लोगों को तोड़ने का काम करते हैं और गुर्जर बिरादरी को बदनाम करने का काम करते हैं।
गुर्जर बिरादरी खेती-किसानी करती है और पूरी तरह से किसानों के समर्थन में है। जबकि इससे पहले बेहटा हाजीपुर गांव में भी शनिवार को लोनी विधायक के खिलाफ पंचायत हुई थी। मेहमदपुर गांव में हुई पंचायत से संबंधित एक वीडियो रविवार को सामने आई है। उधर, विधायक नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही हैं। उनके समर्थन में भी पंचायतें हुई हैं।