दवा के बिल न दिखाने पर बंद कराए मेडिकल स्टोर
बागपत। औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने शनिवार को बड़ौत के दो मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर सात औषधियों के सैंपल जांच के लिए भेजे है। स्टोर संचालक मौके पर दवाइयों के क्रय व विक्रय के बिल नहीं दिखा पाए, जिस पर मेडिकल स्टोर को तत्काल बंद कर दिया। उन्होंने स्टोर संचालकों को तीन दिन में बिल प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि शनिवार को न्यू सोनू मेडिकल स्टोर बड़ौत व प्रमोद मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। न्यू सोनू मेडिकल स्टोर पर स्टोर संचालक छह औषधि के बिल नहीं दिखा पाया। स्टोर से तीन संदिग्ध एंटीबायोटिक दवाओं के नमूूने जांच के लिए गए हैं।
उधर, प्रमोद मेडिकल स्टोर में सात औषधियों के बिल नहीं मिले। इसके अलावा दो एंटीबायोटिक, एक दर्द निवारक और एक एंटी एलर्जी का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। स्टोर संचालक को दवाईयों के क्रय विक्रय बिल तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं मिले। दोनों मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया है। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।