संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। आगरा जनपद के बरारा में छह अप्रैल से आठ अप्रैल तक चली सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में चौधरी फेरूसिंह एकेडमी दाहा के पहलवानों ने दो स्वर्ण सहित कई पदक जीते है। दो खिलाड़ियों का सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है।
चौधरी फेरूसिंह कुश्ती एकेडमी दाहा के कोच सुनील राणा ने बताया कि सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवान उत्तम राणा ने 92 किलोग्राम भार वजन की फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन शैली कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता है। उसका चयन 14 अप्रैल से 17 अप्रैल तक झारखंड के रांची शहर में होने वाली सब जूनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुआ। इसके अलावा 110 किलोग्राम भार में विशाल दांगी ने ग्रीको रोमन में गोल्ड और फ्री स्टाइल में रजत जीतकर नेशनल चैंपियनशिप में अपना स्थान पक्का किया है। दोनों पहलवान नेशनल चैंपियनशिप में प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनके अलावा गुलबहार ने 65 किलोग्राम ग्रीको रोमन में कांस्य, राजीव ने 45 किलोग्राम में कांस्य, सुहेल ने 71 किलोग्राम भार फ्री स्टाइल में कांस्य पदक जीता है।