बागपत के किशनपुर बराल में पूर्वी यमुना नहर के रमाला पुल के पास दो बाइकों की भिड़ंत में राजमिस्त्री पवन की मौत हो गई। उनकी पत्नी और चार माह की बेटी काफी दूर खेत में गिरने से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रमाला गांव निवासी राजमिस्त्री पवन (40) पत्नी सरिता देवी और चार माह की बेटी के साथ गुरुवार शाम बाइक पर चांदीनगर क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में शोकसभा में हिस्सा लेकर घर लौट रहे थे। पूर्वी यमुना नहर के रमाला पुल के पास पहुुंचे तो तेज गति से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से पवन की मौत हो गई। उनकी पत्नी और बेटी काफी दूर खेत में जाकर गिरीं। इससे वे दोनों घायल हो गईं। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। पवन के परिजनों ने बाइक सवारों के खिलाफ शिकायत दी है। रमाला थानाध्यक्ष शरद तिलारा का कहना है कि आरोपी बाइक सवारों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पांच बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
बागपत (ब्यूरो)। पवन के पांच बेटियां हैं। सिर से पिता का साया उठने के बाद बच्चियों का बुरा हाल है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सरिता देवी बार-बार बेहोश हो रही है।