गांव नौरोजपुर का मामला, परिजनों की शिकायत पपर पुलिस ने अधजला शव चिता से किया बरामद
पुलिस को देख चिता पर शव छोड़कर भागे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गांव नौरोजपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। पुलिस और मायके वालों को जानकारी दिए बिना अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। मायके वालों की की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने चिता से अर्द्ध जला शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज कराया है।
मुजफ्फरनगर स्थित शाहपुर थाना क्षेत्र के गोयला गांव निवासी कृष्णपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी पूजा की शादी 18 जून 2017 को बागपत के नौरोजपुर निवासी हरीश कुमार के साथ की थी। डेढ़ वर्ष की लड़की है। पीड़ित की लड़की से दान दहेज से खुश ना होकर हरीश कुमार व उसके परिवार वाले एक लाख रुपये और एक बाइक की मांग करते थे। बुधवार को नौरोजपुर गांव से फोन से सूचना मिली की पूजा की पति हरीश कुमार व उसके परिवार वालों ने मारपीट कर हत्या कर दी है। बिना पोस्टमार्टम के चुपचाप तरीके से अंतिम संस्कार कर रहे है। परिजनों ने इसकी सूचना बागपत कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चिता से अर्द्ध जला शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने हरीश कुमार पति, जेठ सोनू, देवर ऋषि, सास, सुमन और रवि के खिलाफ दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई जाहिद खान ने बताया कि चिता से अर्द्ध जला शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से आरोपी फरार हो गए है, जिनकी तलाश की जा रही है।