पुलिस की मौजूदगी मेें विवाहिता और उसके भाई पर हमला
बड़ौत। बिजरौल गांव में एक विवाहिता और उसके भाई को पुलिस की मौजूदगी में पीटा गया। विवाहिता के ससुराल वालों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की गई है।
मोदीनगर निवासी अंकित चौधरी ने बताया कि उसकी बहन स्वीटी की शादी 14 फरवरी 2014 को बिजरौल गांव के दिल्ली पुलिस के सिपाही के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही वह स्वीटी को प्रताड़ित करने लगा। गत 12 मार्च को स्वीटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। स्वीटी ने 1076 पर शिकायत की तो कोतवाली पुलिस ने कोतवाली बुलाया और ससुराल वालों को समझाने की बात कही। सोमवार देर शाम अंकित अपनी बहन स्वीटी को कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में उसकी ससुराल छोड़ने गया था। बिजरौल गांव में उन्हें पांच-छह बाइकों पर आए युवकों ने घेर लिया और पुलिस के सामने ही बुरी तरह पीटा। अंकित कोतवाली पहुंचा और आरोप लगाया कि उसके जीजा ने ही जानलेवा हमला करवाया है। वहीं कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।