नवबंर 2019 में बागपत में सामूहिक विवाह योजना के तहत देहरादून के युवक से हुआ था निकाह
पीड़िता ने पति सहित छह के खिलाफ दोघट थाने में मुकदमा दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सामूहिक विवाह योजना के तहत एक युवती का निकाह हुआ था। अब दहेज के लिए पति ने उसे फोन पर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने पति सहित छह के खिलाफ दोघट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उनका निकाह 14 नवंबर 2019 को देहरादून के युवक के साथ हुआ था। उसका निकाह सामूहिक विवाह योजना के तहत बागपत में हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ससुराल वालों ने दहेज की मांग करते हुए उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। दहेज में दस लाख रुपये की मांग की जा रही थी। ससुराल वालों ने कई बार उसके साथ मारपीट की। इसके बाद एक दिन पति ने उसको फोन पर तीन तलाक दे दिया। उसने दोघट थाने पर पहुंचकर पति समेत छह के खिलाफ शिकायत दी। दोघट थाना एसएसआई संजय कुमार का कहना है कि पति, सास, जेठ व तीन ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।