त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में परिजनों को लड़ाने के मंसूबों पर फिरा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। खाकी के दांव से जरायम के सूरमा पंचायत चुनाव में चारों खाने चित नजर आ रहे हैं। वे पुलिस-प्रशासन के चक्रव्यूह से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा से पहले और आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस-प्रशासन का हर पैंतरा इन पर भारी पड़ा है। इसके चलते कई कुख्यात के परिजनों के चुनाव लड़ने के इरादे पर पानी फिर गया। किसी ने चुनाव में नामांकन किया भी तो पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से उन्हें संभालने का मौका नहीं मिला। पंचायत चुनाव में गैंगवार की आशंका गहरा रही थी। शांतिपूर्ण चुनाव कराने की प्रतिबद्धता पुलिस-प्रशासन ने अभी तक बखूबी निभाई है।
आरक्षण हथियार का किया इस्तेमाल
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सबसे पहला हथियार आरक्षण का इस्तेमाल किया। कई ऐसी सीटों को आरक्षित कर दिया, जिन पर खूनखराबा होने की प्रबल आशंका थी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से कई दावेदार शांत बैठ गए। हालांकि अधिकारियों का कहना है आरक्षण नियम के तहत ही तय किया है।
कार्रवाई से तोड़ी कमर
पुलिस ने जिले में साढे़ तीन हजार रेड कार्ड जारी किए हैं। करीब 10 हजार लोगों को मुचलका पाबंद किया। वहीं, 150 लोगों को जिला बदर की घोषणा की। कई शस्त्र लाइसेंस निरस्त और निलंबित कर दिए। इसके अतिरिक्त गुंडा एक्ट और 107/116 की कार्रवाई भी पुलिस की तरफ से की गई।
कई कुख्यात की कुर्की कर दिया संदेश
पुलिस ने चुनाव से पहले ही कुख्यात की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी थी। नामांकन प्रक्रिया के बाद भी पुलिस ने यह कार्रवाई जारी रखी। कुख्यात दोघट थाना क्षेत्र में सुनील राठी, रमाला क्षेत्र में धर्मेंद्र किरठल, छपरौली क्षेत्र में अमरपाल लुहारा उर्फ कालू, चांदीनगर क्षेत्र में राहुल खट्टा के भाई राजीव उर्फ राजू खट्टा, बिनौली क्षेत्र में अनुज बरखा आदि की कुर्की करके कड़ा संदेश दिया।
आचार संहिता उल्लंघन के कई मुकदमे दर्ज
चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए आचार संहिता के मुकदमे दर्ज किए गए। अभी तक करीब 50 मुकदमे दर्ज किए हैं। जिनमें 500 लोगों को नामजद और करीब दो हजार अज्ञात के खिलाफ मामले दर्ज हुए हैं।
वर्जन
शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए पुलिस-प्रशासन प्रतिबद्ध है। माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-अभिषेक सिंह, एसपी बागपत