संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर शनिवार को मोदीनगर में मलकपुर मिल मालिक व किसानों के बीच घंटों तक वार्ता हुई। इसमें मिल मालिक ने फरवरी तक गत वर्ष के पूर्ण भुगतान व उसके बाद इस वर्ष के भुगतान को चालू करने का आश्वासन दिया।
मलकपुर मिल पर पेराई सत्र 2023-24 के करीब 220 करोड़ रुपये बकाया है। इसके भुगतान की मांग को लेकर मिल अधिकारियों व किसानों के बीच कई दौर की वार्ता विफल हो चुकी है। इसके बाद शनिवार को किसानों का प्रतिनिधिमंडल मोदीनगर पहुंचकर मलकपुर चीनी मिल के मालिक उमेश मोदी व उनके बेटे अभिषेक मोदी से मिला। इस दौरान सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन अंकित वीर सिंह ने बताया कि बकाया गन्ना भुगतान न होने पर क्षेत्र के किसान परेशान हैं। इस पर उमेश मोदी ने किसानों से कहा कि 25 करोड़ रुपये का भुगतान शनिवार देर शाम तक जारी कर दिया जाएगा।
इस माह 80 करोड़ का भुगतान कर दिया जाएगा। फरवरी तक पूर्ण भुगतान किसानों के खातों में पहुंच जाएगा। इसके तुरंत बाद से ही वर्ष 2024-25 के पेराई सत्र का भुगतान शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा मिल में किसानों की सुविधाओं पर बीस करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान थांबेदार चौधरी यशपाल सिंह, थांबेदार चौधरी जयपाल सिंह, सुधीर प्रधान लुहारी, विनोद तोमर माैजूद रहे।