शिक्षा विभाग के शिक्षण कार्य स्थगित वाले अवकाश पर स्कूलों में अपने तरीके से नियम बनाए गए
दस प्रतिशत स्कूलों में रविदास जयंती मनाने पहुंचे शिक्षक, कहीं बच्चों ने लगाई झाडू़, कहीं मिला ताला
बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय में कर्मी भी वक्त पर नहीं पहुंचते, कार्य से बाहर होने का दावा किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जनपद में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से लेकर शिक्षक खुद ही अपने नियम बना लेते है। यह अलग-अलग नियम बुधवार को संत रविदास जयंती के शिक्षण कार्य स्थगित वाले अवकाश पर स्कूलों में दिखाई दिए। स्कूल में किसी जगह बच्चे भी पहुंचे और शिक्षकों से पहले पहुंचकर झाडू़ लगाने लगे। किसी स्कूल में शिक्षकों ने पहुंचकर रविदास जयंती मनाई तो 90 प्रतिशत स्कूलों पर ताला लटका रहा। बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय के कर्मी भी कार्यालय से नदारद रहे।
शिक्षा विभाग में कई ऐसे अवकाश होते है, जिनमें शिक्षण कार्य स्थगित होता है। इनमें गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती, रविदास जयंती, आंबेडकर जयंती शामिल है। इन सभी दिवस में शिक्षण कार्य नहीं होता है, लेकिन इन दिवस को शिक्षकों को स्कूल में पहुंचकर मनाना होता है। बुधवार को रविदास जयंती थी, लेकिन इस पर स्कूलों में शिक्षकों ने अपनी सुविधा के अनुसार नियम बना दिए। किसी स्कूल में शिक्षक व शिक्षिकाएं पहुंचे और रविदास जयंती मनाई गई। मगर, जिले में ऐसे केवल दस प्रतिशत ही स्कूल थे, जहां शिक्षक-शिक्षिकाओं ने रविदास जयंती मनाई। इसके अलावा ऐसे भी कई स्कूल थे, जहां बच्चों को शिक्षण कार्य स्थगित होने के बारे में नहीं बताया गया था। इसलिए ही शिक्षकों से पहले बच्चे पहुंच गए और वहां झाडू़ लगाने लगे। 90 प्रतिशत ऐसे स्कूल थे, जहां बुधवार को दिनभर ताला लटका रहा।
बिलौचपुरा में लगाई झाडू़, बागपत समेत कई जगह मनाई जयंती
बिलौचपुरा के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में बुधवार सुबह को शिक्षकों से पहले बच्चे पहुंच गए और झाडू़ लगाते हुए सफाई करने में जुट गए। बागपत के प्राथमिक विद्यालय तीन में अधिकतर शिक्षकों ने पहुंचकर रविदास जयंती मनाई। हबीबपुर नंगला के उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों ने रविदास जयंती मनाई। आदर्श प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में शिक्षिका पहुंची थी। इस तरह ही कई अन्य स्कूलों में शिक्षकों ने पहुंचकर रविदास जयंती मनाई।
बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय के कर्मी वक्त पर नहीं पहुंचते
बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय के कर्मी भी वक्त पर नहीं पहुंचते है। बीएसए ने दावा किया कि डीसी निर्माण किसी कार्य से पिलाना बीआरसी पर गए थे। डीसी समेकित शिक्षा अवकाश पर थे तो लेखाकार बैंक में गए हुए थे। एक कर्मी की एनआईसी में ड्यूटी लगी थी।
रविदास जयंती के कारण शिक्षण कार्य स्थगित था, लेकिन स्कूल खोले गए थे। अब किसी स्कूल को नहीं खोला गया तो इस बारे में नहीं बता सकते है। राकेश यादव, जिलाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ
रविदास जयंती पर शिक्षण कार्य स्थगित रहता है। अगर किसी जगह बच्चे आए है और वह सफाई कर रहे है तो यह पूरी तरह से गलत है। शिक्षकों को रविदास जयंती को लेकर स्थिति साफ नहीं थी तो उनको कार्यालय से स्थिति साफ करनी चाहिए थी। राघवेंद्र सिंह, बीएसए