समय रह गया कम, प्लानिंग के साथ विद्यार्थी करें तैयारी
अच्छे अंक लाने के लिए हर विषय में मजबूती जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बोर्ड परीक्षा का दौर शुरू होने वाला है। ऐसे में सभी छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए अपनी रणनीति बना लेनी चाहिए। इस शैक्षणिक सत्र में आनलाइन एजूकेशन की वजह से छात्रों को अध्यापकों का उतना मार्गदर्शन नहीं मिल पाया, जितना पहले के बच्चों को मिलता था।
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने कहा कि ये समझना जरूरी है कि परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए किस तरह की गलतियों से बचना है। परीक्षा में अपना 100 प्रतिशत देने के उपरांत भी कई बार परीक्षा में कम अंक आते हैं और उनकी वजह भी समझ में नहीं आती है। परीक्षा में होने वाली आम गलतियों से बचने के लिए कुछ टिप्स हैं, जिनकी मदद से आप अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले वह विषयवार टाइम टेबल बनाकर तैयारी करें। अच्छे अंक पाने के लिए सभी विषयों को मजबूती से तैयार करें। नहीं तो जरा सी लापरवाही मेहनत के बावजूद अंक फीसद प्रभावित कर देगी। अच्छी तैयारी के लिए जितना पढ़ना जरूरी है, उतना ही अच्छा खाना, व्यायाम व ध्यान करने के साथ सोना भी जरूरी है। पर्याप्त नींद लें, लेकिन दोपहर में सोने से बचें।
इन टिप्स को अपनाएं
- अपने नोट्स खुद बनाएं
- तैयारी करते समय खुद को बेहतर बनाने पर फोकस करें
- दूसरों से तुलना न करें
- ग्रुप स्टडी भी फायदेमंद हो सकती है, बशर्ते इसमें समय बर्बाद न किया जाए।