बागपत के सम्राट पृथ्वीराज डिग्री कालेज के मैदान में आयोजित सभा में लोगो का अभिवादन करते गृह मंत्?
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह चुनाव किसी के विधायक व मंत्री बनने का नहीं है। यह उत्तर प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। यह दो विचारधाराओं का चुनाव है। माफियाराज या कानूनराज, दंगा या विकास का चुनाव है। एक तरफ माफिया को संरक्षण देने वाले, गुंडों को सम्मानित करने वाले हैं तो दूसरी तरफ माफिया का खात्मा करने वाले तथा गुंडों को उनकी जगह भेजने वाले हैं। वह रविवार को बागपत के एसपीसी डिग्री कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी योगेश धामा के पक्ष में सभा को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निशाने पर बसपा, सपा, कांग्रेस पार्टियां रहीं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव निश्चित करने वाला है कि फिर से यहां माफिया राज चलेगा या फिर कानून राज। देश का सबसे बड़ा प्रदेश फिर एक बार दंगों की आग में झुलसेगा या विकास की राह पर चलेगा। यह चुनाव तय करेगा कि रॉ शुगर आयात कर किसान को गन्ने का दाम न मिले, भुगतान न हो, ऐसी सरकार लानी है या एक लाख 53 हजार करोड़ का भुगतान कराने वाली सरकार लानी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश को सुरक्षित करने, विकास की ओर अग्रसर करने की सोच रखती है, जबकि सपा, बसपा, कांग्रेस परिवार के विकास की सोच रखती है। भाजपा जनता के हक की बात करती है तो वह अपने व अपने मित्रों के हक की बात करते हैं। जब सपा मुखिया के इत्र वाले मित्र के यहां छापा पड़ा तो सबसे ज्यादा दर्द उनको ही हुआ। जनता का पैसा दीवारों में रखा गया था। उन्होंने कहा कि बुआ व भतीजा के राज में गरीबों के घर कुछ नहीं आया, जबकि भाजपा सरकार में गरीबों के घर हर योजना का लाभ पहुंचा। उन्होंने कांग्रेस को आतंकवाद पर घेरा। कहा कि कांग्रेस शासन में कोई भी आतंकी घुस आता था, लेकिन भाजपा शासन में उनको घर में घुसकर मारा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को पांच साल में श्रेष्ठ बनाया और अब सर्वश्रेष्ठ बनाया जाएगा। उन्होंने धर्म व संस्कृति के लिए भाजपा प्रत्याशी योगेश धामा को वोट देने का आह्वान किया।