खेकड़ा। नगर निवासी एक प्रेमी युगल एक माह पूर्व घर से फरार हो गया था। दोनों शादी रचाकर खेकड़ा कोतवाली में पहुंचे और परिजनों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। पता लगने पर युवती के परिजन भी कोतवाली में पहुंच गए और प्रेमी की धुनाई करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें कड़ी हिदायत देकर लौटा दिया।
खेकड़ा नगर निवासी एक प्रेमी युगल शादी रचाने के बाद रविवार को खेकड़ा कोतवाली पहुंचा। कहा कि वे दोनों बालिग है और अपनी इच्छा से ही शादी की है। शादी से उनके परिजन खुश नहीं है। उन्हें परिजनों से जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से सुरक्षा की गुहार लगाई। पता लगने पर दोनों के परिजन भी कोतवाली में पहुंच गए। युवती के परिजनों ने कोतवाली में ही युवक की पिटाई की कोशिश की। मगर, पुलिस ने बीच बचाव कर परिजनों को नवदंपति के साथ कोई भी अभद्रता न करने की कड़ी चेतावनी देकर लौटा दिया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि नवदंपति को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है। दोनों के परिजनों को उन्हें कोई भी हानि न पहुंचाने की कड़ी हिदायत दी गई है।