मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर योजना के तहत खाली पड़े 42 आवास के आवंटन के लिए लॉटरी निकाली गई। एमडीए कार्यालय में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल की मौजूदगी में 194 आवेदकों में से 42 को लॉटरी के माध्यम से आवास आवंटित किए गए।
कई वर्ष पूर्व मेरठ रोड पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर योजना के तहत आवास का निर्माण कराया गया था। लेकिन अलग-अलग समय करीब 44 लोगों ने आवास सरेंडर कर दिए थे। रिक्त आवास पात्रों को आवंटित करने के लिए आवेदन मांगे गए थे। इस दौरान 44 आवास के सापेक्ष 197 पात्र आवेदक पाए गए थे।
सोमवार को लॉटरी के माध्यम से 42 आवास का आवंटन किया गया। एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि 194 आवेदकों के मध्य लॉटरी का आयोजन कराया गया। अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग श्रेणी के लिए दो भवनों के सापेक्ष कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि आवास आवंटन राज्यमंत्री कपिल देव, एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीना की देखरेख में हुआ। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, एमडीए के नामित सदस्य शरद शर्मा, श्रीमोहन तायल, गजे सिंह, जबकि शासन की ओर से गठित समिति सदस्य एवं डीएम की ओर से नामित सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण आदि शामिल रहे।