सोमवार की रात दीवार फांदकर घर में घुसे चार बदमाश, तमंचे दिखाकर की लूट
पीड़ित महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर जताई नाराजगी, तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। कमलानगर गली नंबर दस गुराना रोड में सोमवार की रात चार बदमाशों ने हथियारों के बल पर महिलाओं को बंधक बनाकर लूटपाट की। आरोप है कि सूचना के बाद भी कोतवाली पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मंगलवार को पीड़ित महिलाओं के साथ पहुंचे मोहल्लेवासियों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
कमलानगर निवासी शीलू पत्नी रजत और उसकी ननद शिवानी पत्नी ओमवीर अपने मकान मेें अकेली थी। दोनों के पति किसी काम से बाहर गए हुए थे। आरोप है कि देर रात चार बदमाश दीवार फंदाकर घर में घुस गए और दोनों महिलाओं को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर 50 हजार की नगदी, सोने के कुंडल, एक जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र व एक जोड़ी पाजेब लूट ली और फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दोनों महिलाओं ने खुद को बंधन मुक्त किया और इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मंगलवार को मोहल्ले के लोग पीड़ित महिलाओं के साथ कोतवाली पहुुंचे और प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में गीता, सोनिया, राहुल आदि शामिल रहे। चोरी की संबंध में पीड़ित शीलू ने तहरीर दी है।
उधर, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बंधक बनाकर लूटपाट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। आपसी लेनदेन का मामला प्रतीत हो रहा है। फिर भी तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
सीसीटीवी कैमरों में कैद चोर, फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर
फोटो संख्या 13
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित नगर निवासी रविकांत पुत्र प्रमोद की रवि टिम्बर ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। रविवार की रात चोरे उनकी दुकान के पिछले हिस्से में लगी खिड़की तोड़ी और अंदर घुस गए। चोरों ने करीब 1.75 लाख रुपये की नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सोमवार की सुबह रविकांत दुकान पर पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी हुई। चोरी की ये घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। उनमें एक चोर दुकान के गल्ले से रुपये निकालता भी दिखाई दे रहा है। बावजूद इसके कोतवाली पुलिस अभी तक चोर को नहीं पकड़ पाई है। कोतवाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोर को जल्द पकड़ लिया जाएगा।