खेकड़ा (बागपत)। ट्रेन में ड्यूटी के दौरान जीआरपी कांस्टेबिल से मारपीट के मामले में लोनी जीआरपी पुलिस ने खेकड़ा में दबिश दी और मारपीट करने के दो आरोपियों को हिरासत में लेकर लोनी लौट गई।
दो माह पूर्व खेकड़ा शहर के मोहल्ला औरंगाबाद निवासी तीन युवकों ने ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात लोनी जीआरपी पुलिस के एक कांस्टेबल के साथ कहासुनी के बाद मारपीट की। उस समय तीनों आरोपी घटना को अंजाम देकर भागने में सफल रहे और तभी से तीनों फरार चल रहे थे। घायल कांस्टेबल ने घटना के बाद बड़ौत जीआरपी थाने में खेकड़ा के तीन युवकों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई ।
जीआरपी पुलिस तभी से तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। कई बार खेकड़ा में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। रविवार की सुबह लोनी जीआरपी पुलिस एसआई मोहित कुमार के नेतृत्व में खेकड़ा कोतवाली में पहुंची। वहां से वह कोतवाली पुलिस के साथ खेकड़ा निवासी मारपीट के तीनों आरोपियों के मकानों में दबिश दी। पुलिस ने मारपीट के दो आरोपियों को घरों से दबोचा। जबकि सूचना मिलने पर तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। इसके बाद लोनी जीआरपी पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अपने साथ लोनी ले गई।