दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ से लेकर सिसाना तक जाम में फंसे वाहन चालक।
- फोटो : amar ujala
बागपत में हरियाणा-यूपी को जोड़ने वाले निवाड़ा पुल ने बागपत के लोगों को मुसीबत में डाल दिया है। निवाड़ा से लेकर हरियाणा में बहालगढ़ तक और निवाड़ा पुल से बागपत, खेकड़ा यहां तक कि गाजियाबाद के मंडौला तक जाम की जाम हो गया। लगातार 10 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
मंगलवार को सुबह पांच बजे से ही जाम लगना शुरू हो गया। निवाड़ा पुल पर ट्रकों का आवागमन एक ओर से किए जाने के कारण वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। सुबह 10 बजे तक गौरीपुर मोड़, दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे पर ग्राम सिसाना तक और बागपत से लेकर खेकड़ा और मंडौला तक जाम ही जाम हो गया। लगभग 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।
मंगलवार को पूरे दिन जाम लगा रहा और वाहन रेंगते रहे। शाम पांच बजे जाम की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन खेकड़ा से मंडौला तक बाद में भी जाम लगा रहा। मेरठ रोड पर हरियाणा की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। इस कारण मेरठ रोड पर भी जाम लगा रहा। जाम के कारण पूरा बागपत परेशान रहा। न तो दिल्ली जाने का रास्ता रहा, न हरियाणा और न ही मेरठ आने-जाने का रास्ता रहा। चारों ओर जाम ही जाम हो गया।